August 7, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

हाथियों के हमले में सब्जी विक्रेता घायल, चाकुलिया वन क्षेत्र में दहशत

हाथियों के हमले में सब्जी विक्रेता घायल, चाकुलिया वन क्षेत्र में दहशत

चाकुलिया : पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया वन क्षेत्र में सोमवार देर रात हाथियों के हमले में एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना बड़ामारा गांव के पास चाकुलिया-केरूकोचा मुख्य सड़क पर हुई। घायल की पहचान बहरागोड़ा प्रखंड के धाधिका गांव निवासी नीलकंठ नायक (45) के रूप में हुई है, जो पेशे से सब्जी विक्रेता हैं।

जानकारी के अनुसार नीलकंठ नायक सोमवार को चाकुलिया के जोड़ाम हाट में सब्जी बेचने के बाद देर रात बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान बड़ामारा गांव के समीप सड़क पर उनका सामना हाथियों के झुंड से हो गया। अचानक हाथियों को देखकर उन्होंने बाइक छोड़ दी और जान बचाने के लिए भागने लगे। इसी बीच एक हाथी ने उनका पीछा कर पास के खेत में घेर लिया और हमला कर दिया।

हमले में नीलकंठ नायक गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जाता है कि एक हाथी ने उनके सीने पर पैर भी रख दिया। किसी तरह जान बचाकर वह वहां से भागने में सफल रहे। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम रेफर कर दिया। उनके शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें आई हैं।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलने पर विधायक समीर मोहंती मौके पर पहुंचे और अपने वाहन से घायल को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। वहीं वन विभाग की टीम भी अस्पताल पहुंचकर घायल का हालचाल लिया।

ग्रामीणों के अनुसार बड़ामारा गांव के आसपास सात हाथियों का झुंड लगातार विचरण कर रहा है। हाथियों की आवाजाही के कारण लोगों को खासकर रात के समय काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार हाथी मुख्य सड़क पर भी आ जा रहे हैं, जिससे हादसे का खतरा बढ़ गया है।

ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि चाकुलिया वन क्षेत्र में लगातार हाथियों की मौजूदगी से खेतों और घरों को नुकसान पहुंच रहा है, वहीं अब लोगों पर हमले की घटनाएं भी बढ़ने लगी हैं। ऐसे में वन विभाग लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल साबित हो रहा है।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading