July 27, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
अपराध

जमशेदपुर के सीतारामडेरा में चापड़बाजी और फायरिंग में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, अस्पताल में हंगामा

जमशेदपुर के सीतारामडेरा में चापड़बाजी और फायरिंग में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, अस्पताल में हंगामा

जमशेदपुर : शहर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र स्थित छायानगर डब्बा लाइन सामुदायिक भवन के सामने वर्चस्व और रामनवमी के दौरान छेड़खानी को लेकर शुरू हुआ विवाद अब गंभीर आपराधिक मामले में बदल गया है।

31 मार्च को दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प में ताबड़तोड़ फायरिंग और चापड़बाजी की घटना सामने आई थी। इस घटना में गंभीर रूप से घायल युवक सन्नी पुष्टि की गुरुवार को टीएमएच में इलाज के दौरान मौत हो गई।

घटना के दौरान सन्नी की एक आंख में गोली लगी थी, जबकि उसके सिर और हाथ पर चापड़ से हमला किया गया था। इस हमले में नंदू लोहार नामक एक अन्य युवक भी घायल हुआ था, जिसे इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से दो पिलेट और दो खोखा बरामद किए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

उधर, सन्नी की मौत की खबर मिलते ही गुरुवार को बड़ी संख्या में परिजन टीएमएच अस्पताल पहुंचे और जमकर हंगामा किया। परिजनों ने अस्पताल का बकाया बिल माफ करने और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। इस दौरान कुछ देर के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद मिश्रा ने बताया कि परिजन मुआवजा और बकाया बिल को लेकर आक्रोशित थे। प्रशासन की ओर से उचित कार्रवाई और सहायता का आश्वासन दिए जाने के बाद परिजन शांत हो गए।

फिलहाल इलाके में पुलिस सतर्क है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading