July 30, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

एनडीआरएफ की टीम ने बागबेड़ा बड़ौदा घाट में खरकई नदी से किशोर का शव निकाला

एनडीआरएफ की टीम ने बागबेड़ा बड़ौदा घाट में  खरकई नदी से किशोर का शव निकाला
Dead body taken out from baroda ghat bagbera kharkai river

गुरुवार को प्रिंस अपने पूर्व के चार स्कूली दोस्तों के साथ बागबेड़ा बड़ौदा घाट पर नदी में नहाने आया था और नहाने के क्रम में वह डूब गया था

जमशेदपुर: जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना अंतर्गत बड़ौदा घाट नदी में डूबे 17 वर्षीय प्रिंस कुमार गुप्ता का शव रांची से आये 16 सदस्यीय एनडीआरएफ टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद ढूँढ़ निकाला। प्रिंस अपने चार दोस्तों के साथ बर्मामाइंस से बड़ौदा घाट नदी नहाने आया था, जहाँ वह नहाने के दौरान नदी में डूब गया।

17 वर्षीय प्रिंस कुमार गुप्ता ने इलाहाबाद के निकट स्थित अपने गांव में रहकर मैट्रिक की परीक्षा दी थी। 4 दिन पहले ही 64% के साथ वह मैट्रिक की परीक्षा में उत्तीर्ण हुआ था।

परीक्षा देने के बाद वह जमशेदपुर के बर्मामाइंस स्थित इंदर सिंह कॉलोनी में अपने पिता के पास रहने आया था।

उसके पिता एक प्राइवेट कंपनी में निजी सुरक्षाकर्मी के तौर पर कार्यरत हैं।

गुरुवार को प्रिंस अपने पूर्व के चार स्कूली दोस्तों के साथ बागबेड़ा बड़ौदा घाट पर नदी में नहाने आया और नहाने के क्रम में वह डूब गया।

प्रिंस को डूबता देख उसके दो साथी नदी तट से भाग खड़े हुए।

वहीं दो अन्य साथियों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी, जिसके बाद बागबेड़ा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और उसने स्थानीय गोताखोरों की मदद से प्रिंस को खोजने की कोशिश की। लेकिन प्रिंस का पता नहीं चल पाया।

इसके बाद, उपायुक्त के निर्देश पर रांची धुर्वा से एनडीआरएफ की टीम को बुलवाया गया। 16 सदस्यीय एनडीआरएफ की टीम ने बागबेड़ा थाना अंतर्गत बड़ौदा घाट पहुँचकर नदी से दिवंगत प्रिंस कुमार गुप्ता के शव को खोज कर बाहर निकाला। जानकारी देते हुए बागबेड़ा थाना प्रभारी के के झा ने बताया कि नदी में डूबे 17 वर्षीय प्रिंस कुमार गुप्ता के शव को बरामद कर लिया गया है तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading