आदित्यपुर: लगातार हो रही बारिश के चलते सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 25 स्थित आसांगी ओड़िया मध्य विद्यालय में जलजमाव की समस्या गंभीर हो गई है। विद्यालय परिसर के साथ-साथ मुख्य मैदान में भी बारिश का पानी जमा हो गया है। इससे विद्यार्थियों और शिक्षकों को स्कूल आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जल निकासी की समस्या को लेकर झारखंड युवा मोर्चा के सरायकेला-खरसावां जिला उपाध्यक्ष सोमदेव प्रधान उर्फ विवकी ने आदित्यपुर नगर निगम के नगर आयुक्त को आवेदन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन में कहा गया है कि विद्यालय और आसपास के क्षेत्र में पर्याप्त नालियों तथा जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी लंबे समय तक जमा रहता है। इससे विद्यालय परिसर के अलावा आसपास के रास्तों पर भी आवाजाही प्रभावित हो रही है।
गंदे पानी से मच्छरों का बढ़ा प्रकोप
जलजमाव के कारण गंदगी और मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। इससे विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों और शिक्षकों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ गई है। लंबे समय तक पानी जमा रहने से डेंगू और मलेरिया जैसी मच्छरजनित बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है।
सोमदेव प्रधान ने नगर निगम प्रशासन से विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और विद्यालय की सुविधा को देखते हुए जल निकासी की तत्काल व्यवस्था करने के साथ स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान हर वर्ष जलजमाव की समस्या उत्पन्न होती है, इसलिए केवल अस्थायी उपाय के बजाय प्रभावी ड्रेनेज व्यवस्था विकसित की जानी चाहिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आवेदन की एक प्रति सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त को भी सौंपी गई है, ताकि विद्यालय परिसर में जलजमाव की समस्या का जल्द समाधान कराया जा सके।