गम्हरिया: सरायकेला खरसावां जिले के औद्योगिक क्षेत्र गम्हरिया के बीको मोड़ के समीप स्थित कार्यालय में भारतीय क्रांतिकारी मजदूर संघ की जिला कमेटी के नवनियुक्त पदाधिकारियों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के जिला अध्यक्ष ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को माला पहनाकर सम्मानित किया और संगठन को मजबूत करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
मौके पर बीकेएमएस के जिला अध्यक्ष संजय गोराई ने कहा कि संगठन की ओर से मिली जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जवाबदेही भी है।
उन्होंने कहा कि संगठन मजदूरों के हक, अधिकार, सम्मान और सुरक्षा के लिए लगातार आवाज उठाता रहेगा।
जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत मजदूरों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाकर उनके समाधान के लिए लोकतांत्रिक और संगठित तरीके से प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से आपसी एकता और अनुशासन बनाए रखते हुए मजदूरों के बीच सक्रिय रूप से काम करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि पदाधिकारी मजदूरों की समस्याओं को समझें और संगठन के माध्यम से उनके समाधान की दिशा में प्रभावी पहल करें।
कार्यक्रम में मौजूद सभी पदाधिकारियों ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और मजदूरों के हितों के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।