जमशेदपुर : टाटा मोटर्स और कमिंस इंडिया के संयुक्त उपक्रम टाटा कमिंस में मंगलवार को चार वर्षीय वेज रिवीजन समझौते पर सहमति बन गई। समझौते के तहत कर्मचारियों के वेतन में चौथे वर्ष तक करीब 20,100 रुपये की बढ़ोतरी होगी। वेतन वृद्धि का लाभ चरणबद्ध तरीके से कर्मचारियों को दिया जाएगा।
समझौते के अनुसार पहले वर्ष में निर्धारित वृद्धि का 77.5 प्रतिशत, दूसरे वर्ष में 90 प्रतिशत, तीसरे वर्ष में 95 प्रतिशत और चौथे वर्ष में पूरी यानी 100 प्रतिशत राशि का लाभ कर्मचारियों को मिलेगा। करीब 800 कर्मचारियों वाली कंपनी में वेज रिवीजन को लेकर प्रबंधन और यूनियन के बीच लंबे समय से बातचीत चल रही थी।
कैंटीन सुविधा ऐच्छिक, नहीं लेने पर मिलेगा भत्ता
नए समझौते में कैंटीन सुविधा को ऐच्छिक कर दिया गया है। जो कर्मचारी कैंटीन सुविधा का लाभ नहीं लेना चाहेंगे, उन्हें इसके बदले 2,500 रुपये प्रतिमाह कैंटीन भत्ता दिया जाएगा। कैंटीन से जुड़ा यह मुद्दा कर्मचारियों के बीच लंबे समय से चर्चा में था।
कर्मचारियों को 5 हजार रुपये का गिफ्ट
समझौते के तहत प्रत्येक कर्मचारी को 5,000 रुपये का गिफ्ट भी दिया जाएगा। एसोसिएट ग्रेड प्रोग्रेशन के तहत वेतन वृद्धि की राशि सभी कर्मचारियों के लिए समान रखी गई है। इसके अलावा 1.25 और 1.50 के अंतर की राशि का भी भुगतान किया जाएगा।
ब्रैकेट में भी कर्मचारियों को मिलेगा लाभ
वेज रिवीजन समझौते में ब्रैकेट सिस्टम में भी कर्मचारियों को लाभ देने का प्रावधान किया गया है। 70 से 80 प्रतिशत ब्रैकेट वाले कर्मचारियों के लिए प्रतिशत 75 प्रतिशत निर्धारित किया गया है। साथ ही अतिरिक्त 5 प्रतिशत लाभ देकर उन्हें 81 से 90 प्रतिशत के दायरे में लाने का प्रावधान किया गया है।
समझौते के बाद कर्मचारियों की मेडिकल सुविधाएं पहले की तरह जारी रहेंगी। चार वर्षीय वेज रिवीजन समझौते से टाटा कमिंस के कर्मचारियों को वेतन और अन्य सुविधाओं में कई स्तरों पर लाभ मिलेगा।