July 30, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

Jamshedpur News: गुरु रविदास जयंती वर्ष पर भाजपा चलाएगी ‘समरसता संकल्प अभियान’, 20 फरवरी 2027 तक होंगे देशभर में कार्यक्रम

Jamshedpur News: गुरु रविदास जयंती वर्ष पर भाजपा चलाएगी ‘समरसता संकल्प अभियान’, 20 फरवरी 2027 तक होंगे देशभर में कार्यक्रम

जमशेदपुर: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जमशेदपुर महानगर ने मंगलवार को साकची स्थित जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर देशव्यापी ‘समरसता संकल्प अभियान’ की रूपरेखा साझा की। पार्टी नेताओं ने बताया कि यह अभियान 29 जुलाई 2026 (आषाढ़ पूर्णिमा) से शुरू होकर 20 फरवरी 2027 (माघ पूर्णिमा) तक राष्ट्रीय, प्रदेश, जिला, मंडल और ग्राम स्तर पर संचालित किया जाएगा।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि अभियान का उद्देश्य संत गुरु रविदास महाराज के समता, सामाजिक न्याय, मानवता, सेवा, सद्भाव और सामाजिक समरसता के संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा विकसित भारत के निर्माण में सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि संत गुरु रविदास केवल किसी एक समाज के नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के महान पथप्रदर्शक थे। उनका ‘बेगमपुरा’ का दर्शन ऐसे समाज की कल्पना करता है, जहां भेदभाव, अन्याय और शोषण का कोई स्थान न हो तथा प्रत्येक व्यक्ति सम्मान और समान अधिकार के साथ जीवन जी सके। उनके विचार आज भी समाज के लिए उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने सदियों पहले थे।

पूर्णिमा साहू ने बताया कि अभियान की शुरुआत 29 जुलाई की शाम ‘समरसता दीप महोत्सव’ से होगी। इस अवसर पर जमशेदपुर सहित झारखंड और देशभर के मंदिरों में दीप प्रज्वलित कर सामाजिक समरसता का संदेश दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि ‘कलश वंदन अभियान’ के तहत वाराणसी स्थित संत गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर की पवित्र मिट्टी से भरे कलश देश के विभिन्न राज्यों, जिलों और मंडलों तक पहुंचाए जाएंगे। इसके अलावा 5 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक डेरा सचखंड बल्लां (जालंधर) से वाराणसी तक ‘संत गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा’ निकाली जाएगी। अभियान के दौरान संत संपर्क अभियान, छात्रावास संपर्क अभियान, समरसता संवाद, भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभिन्न जनजागरण गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा।

भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के संकल्प की मूल भावना संत गुरु रविदास महाराज के विचारों से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सामाजिक न्याय, राष्ट्रीय एकता और विकसित भारत के निर्माण का व्यापक जनआंदोलन है।

उन्होंने बताया कि 29 जुलाई से 31 अगस्त तक चलने वाले ‘संत संपर्क अभियान’ के तहत भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता संत गुरु रविदास परंपरा से जुड़े संत-महात्माओं के साथ-साथ विभिन्न धार्मिक परंपराओं के पूज्य संतों से मुलाकात कर उनका सम्मान करेंगे तथा सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाएंगे।

संजीव सिन्हा ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए जिला और मंडल स्तर पर आयोजन समितियों का गठन किया जा रहा है। प्रत्येक समिति में एक संयोजक और चार सह-संयोजकों की नियुक्ति की गई है। उन्होंने संत-महात्माओं, सामाजिक संगठनों, मंदिर समितियों, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों और जनप्रतिनिधियों सहित समाज के सभी वर्गों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading