July 28, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
झारखंड

Seraikela News: लगातार बारिश से कांड्रा-हुदु मार्ग पर आवागमन ठप, मेहताबेड़ा में डायवर्जन सड़क बही, हजारों ग्रामीण प्रभावित

Seraikela News: लगातार बारिश से कांड्रा-हुदु मार्ग पर आवागमन  ठप, मेहताबेड़ा में डायवर्जन सड़क बही, हजारों ग्रामीण प्रभावित

सरायकेला: जिला प्रशासन को सूचना मिलने के बावजूद आम लोगों को हो रही परेशानी को लेकर कोई पहल नहीं की जा रही है। स्थानीय लोगों को भीषण परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

सरायकेला खरसावां जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने कांड्रा-हुदु मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप कर दिया है। मेहताबेड़ा में निर्माणाधीन पुल के पास बनाई गई अस्थायी डायवर्जन सड़क तेज जलप्रवाह में बह जाने से कांड्रा और हुदु के बीच सड़क संपर्क पूरी तरह टूट गया है। इसके कारण छोटे-बड़े सभी वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है और हजारों ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार मेहताबेड़ा में नए पुल का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण अवधि के दौरान लोगों की आवाजाही बनाए रखने के लिए पुल के बगल में अस्थायी डायवर्जन सड़क तैयार की गई थी। लेकिन पिछले कई दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया।

तेज बहाव के चलते डायवर्जन सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर बह गई, जिससे मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

सड़क संपर्क टूटने से हुदु सहित आसपास के कई गांवों का कांड्रा से सीधा संपर्क समाप्त हो गया है। इसका सबसे अधिक असर रोजाना आने-जाने वाले कर्मचारियों, विद्यार्थियों, मरीजों और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति पर पड़ रहा है।

लोगों को अब अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए कई किलोमीटर लंबा वैकल्पिक रास्ता अपनाना पड़ रहा है, जिससे समय और खर्च दोनों बढ़ गए हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से तत्काल वैकल्पिक आवागमन की व्यवस्था करने तथा क्षतिग्रस्त डायवर्जन सड़क की शीघ्र मरम्मत कर यातायात बहाल कराने की मांग की है।

उनका कहना है कि यदि जल्द कदम नहीं उठाए गए तो लगातार हो रही बारिश के कारण हालात और अधिक गंभीर हो सकते हैं तथा आसपास के गांवों का संपर्क लंबे समय तक बाधित रह सकता है।

प्रशासन की ओर से अब तक न तो कोई आश्वासन मिला है और न ही किसी अधिकारी ने स्थल का निरीक्षण किया।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading