कई वाहन चालकों को हुई परेशानी, घंटों जाम में फंसे रहे लोग
टीएमएच परिसर में उमड़ी भारी भीड़, पुलिस के खिलाफ दिखा आक्रोश
प्रदर्शनकारियों ने हत्या के आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की
पुलिस तत्परता दिखाती तो बच सकती थी हिमांशु की जान
जमशेदपुर : जमशेदपुर के चर्चित डबल डाउन (डीडी) बार चाकूबाजी कांड ने अब हत्या का रूप ले लिया है। गंभीर रूप से घायल करनी सेना युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष हिमांशु सिंह की इलाज के दौरान मौत के बाद शहर में तनाव फैल गया। गुस्साए समर्थकों ने बिष्टुपुर के रीगल गोलचक्कर को जाम कर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
इस हमले में गंभीर रूप से घायल हिमांशु सिंह ने टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उनकी मौत के साथ ही यह मामला हत्या में तब्दील हो गया और पूरे शहर में तनाव का माहौल बन गया।
हिमांशु सिंह की हालत घटना के बाद से ही बेहद नाजुक बनी हुई थी। टीएमएच के चिकित्सकों की टीम लगातार उन्हें बचाने का प्रयास कर रही थी, लेकिन सोमवार शाम इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। मौत की खबर फैलते ही अस्पताल परिसर में भारी संख्या में लोग जुटने लगे।
मृतक हिमांशु सिंह सरायकेला-खरसावां जिले में करनी सेना युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही करनी सेना के कार्यकर्ता, समर्थक और परिजन बड़ी संख्या में टीएमएच पहुंच गए। अस्पताल परिसर देर शाम तक समर्थकों से भरा रहा और घटना को लेकर लोगों में गहरा आक्रोश देखने को मिला।
हिमांशु सिंह की मौत से नाराज करनी सेना के कार्यकर्ताओं और परिजनों ने देर रात बिष्टुपुर स्थित रीगल गोलचक्कर पर सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने हत्या के आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और पूरे मामले में पुलिस की भूमिका की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। इस दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद इतनी बड़ी वारदात हो गई और समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण हमलावरों के हौसले बढ़े। उनका कहना था कि यदि पुलिस तत्परता दिखाती तो शायद इस घटना को रोका जा सकता था।
रीगल गोलचक्कर पर सड़क जाम होने से शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को काफी देर तक जाम में फंसे रहना पड़ा।
कई वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा। हालात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया।
उल्लेखनीय है कि शनिवार देर रात डबल डाउन बार के बाहर हुई इस खूनी झड़प का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था। फुटेज में पुलिस की मौजूदगी के बीच मारपीट और चाकूबाजी की घटना कैद होने का दावा किया गया है।
हिमांशु सिंह की मौत के बाद पुलिस पर कार्रवाई तेज करने का दबाव बढ़ गया है। पुलिस टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। वहीं, पूरे घटनाक्रम पर शहरवासियों और प्रशासन की नजर बनी हुई है।
देखना यह है कि जिला प्रशासन इस मामले में क्या एक्शन लेता है।