- शबाना ने पति समेत तीन लोगों के खिलाफ सदर थाना में दर्ज कराई प्राथमिकी
कहा-लंबे समय से किया जा रहा प्रताड़ित, उसकी सुरक्षा को लेकर गंभीर खतरा
चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के गोइलकेरा की रहने वाली शबाना निगार ने अपने पति समेत तीन लोगों के खिलाफ मारपीट, मोबाइल छीनने, बच्ची को जबरन साथ ले जाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए चाईबासा सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
दर्ज शिकायत के अनुसार, शबाना निगार का अपने पति टीपू सुल्तान के साथ तलाक का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। इसी सिलसिले में वह 10 जून को अपनी एक बेटी के साथ चाईबासा कोर्ट आई हुई थी।
महिला का आरोप है कि इसी दौरान उसके पति टीपू सुल्तान, बादशाह खान और साजीद खान वहां पहुंचे और अचानक उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
शिकायत में कहा गया है कि घटना के दौरान वह मदद के लिए डायल-112 और गोइलकेरा पुलिस से संपर्क करने का प्रयास कर रही थी, लेकिन आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया।
इतना ही नहीं, उसके साथ आई बेटी को भी जबरन अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया गया है।
महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। शबाना निगार का कहना है कि उसे लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा है और उसकी सुरक्षा को लेकर गंभीर खतरा बना हुआ है।
उसने प्रशासन से सुरक्षा मुहैया कराने की मांग करते हुए आशंका जताई है कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई तो उसके साथ कोई भी अप्रिय घटना हो सकती है।
सदर थाना पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपों की सत्यता की पड़ताल कर आगे की कानूनी कार्रवाई करने की तैयारी में है।
