गुमला: झारखंड के गुमला जिले के सदर प्रखंड के हरिओम कॉलोनी में मंगलवार सुबह मोबाइल चोरी के आरोप में स्थानीय लोगों ने एक युवक को पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने युवक को बिजली के पोल से रस्सी के सहारे बांधकर उसकी पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि पुलिस को सूचना देने के बावजूद समय पर मौके पर नहीं पहुंचने के कारण कई घंटे बाद लोगों ने युवक को छोड़ दिया।
घटना सुबह करीब नौ बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, बिंदु देवी के घर से एक युवक मोबाइल लेकर भागने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान स्थानीय लोगों की नजर उस पर पड़ गई। लोगों ने पीछा कर युवक को पकड़ लिया और चोरी के आरोप में पूछताछ शुरू की।
पकड़े गए युवक ने अपना नाम पीयूष कुमार बताया। वह जवाहर नगर का रहने वाला बताया जा रहा है। पूछताछ के दौरान युवक ने कथित तौर पर अपनी गलती स्वीकार करते हुए लोगों से माफी मांगी। उसने कहा कि उसने पहली बार ऐसी गलती की है।
इलाके में चोरी की बढ़ती घटनाओं से नाराज हैं लोग
स्थानीय लोगों का कहना है कि हरिओम कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में मोबाइल चोरी के साथ-साथ घरों में चोरी की घटनाएं भी बढ़ रही हैं। लोगों का आरोप है कि कुछ संदिग्ध लोग अलग-अलग बहाने से घरों में प्रवेश करते हैं और मौका मिलते ही चोरी कर फरार हो जाते हैं। बंद पड़े मकानों को भी निशाना बनाए जाने की शिकायत स्थानीय लोगों ने की है।
पुलिस के देर से पहुंचने पर उठे सवाल
घटना की जानकारी पुलिस को दिए जाने की बात स्थानीय लोगों ने कही है। हालांकि, उनके अनुसार पुलिस काफी देर तक मौके पर नहीं पहुंची। कई घंटे इंतजार करने के बाद लोगों ने युवक को छोड़ दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चोरी की घटनाओं पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। उन्होंने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है। घटना के बाद पूरे इलाके में इसकी चर्चा बनी हुई है।