जमशेदपुर: न्यू बारीडीह पार्क महिला समिति की ओर से शनिवार को साकची स्थित यशवी इंटरनेशनल होटल में सावन महोत्सव का आयोजन किया गया। हरे रंग के पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने सावन के उत्सव को गीत, संगीत, नृत्य और मनोरंजक प्रतियोगिताओं के साथ उत्साहपूर्वक मनाया।
कार्यक्रम की शुरुआत परिचय सत्र से हुई। इसके बाद महिलाओं ने भजन और फिल्मी गीतों पर नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को खुशनुमा बना दिया। चुटकुलों और कविताओं की जुगलबंदी ने भी कार्यक्रम में खूब हंसी-खुशी बिखेरी। फन गेम्स और डांस प्रतियोगिता में महिलाओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और एक-दूसरे का हौसला बढ़ाया।
महोत्सव के दौरान ‘समाज निर्माण में महिलाओं की भूमिका’ विषय पर भी चर्चा की गई। महिलाओं को उनके सामाजिक और पारिवारिक दायित्वों के प्रति जागरूक करते हुए परिवार में खुशहाली और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में उनकी भूमिका पर विचार साझा किए गए।
वक्ताओं ने कहा कि परिवार की खुशहाली और सामाजिक समरसता को मजबूत करने में महिलाओं की भागीदारी बेहद अहम है। महिलाएं परिवार के साथ-साथ सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाकर सकारात्मक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं।
सावन महोत्सव में पारंपरिक संस्कृति और आधुनिक मनोरंजन का सुंदर मेल देखने को मिला। गीत-संगीत और नृत्य के बाद सभी प्रतिभागियों के लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई। पूरे कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के बीच आपसी स्नेह, सौहार्द और उत्साह का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम की संचालिका बिना तिवारी के अलावा मंजू, विभा, अमृता, पूनम, प्रभा, कल्पना, सरोज, रीना, अनामिका, राधा, रंजू, स्मिता, प्रतिमा, अनु सहित करीब 50 महिलाओं ने भाग लिया। महिला समिति की सदस्याओं ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दिया।