August 9, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
हिंदी

बटाला ग्रेनेड हमले में शामिल तीसरा आरोपी गिरफ्तार, पंजाब के पुलिस ठिकानों को बनाना चाहता था निशाना

बटाला ग्रेनेड हमले में शामिल तीसरा आरोपी गिरफ्तार, पंजाब के पुलिस ठिकानों को बनाना चाहता था निशाना

चंडीगढ़, 8 अगस्त (आईएएनएस)। बटाला ग्रेनेड मामले में पंजाब पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। जालंधर की काउंटर इंटेलिजेंस और बटाला पुलिस ने मिलकर चलाए गए एक ऑपरेशन में हमले में शामिल तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। डीजीपी गौरव यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर यह जानकारी दी।

डीजीपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई समर्थित एक टेरर मॉड्यूल का सदस्य है, जिसे पुर्तगाल में बैठा बीकेआई का मास्टरमाइंड चला रहा था। शुरुआती जांच से पता चला है कि आरोपी, मॉड्यूल के दूसरे सदस्यों के साथ मिलकर पुर्तगाल में बैठे अपने हैंडलर के कहने पर 1 अगस्त को बटाला के अर्बन एस्टेट पुलिस पोस्ट पर हुए हमले में शामिल था। घटना के बाद आरोपी छिप गया था और पूरे पंजाब में पुलिस ठिकानों पर ऐसे ही और हमले करने की योजना बना रहा था।

डीजीपी ने पोस्ट के माध्यम से बताया कि पूरे टेरर नेटवर्क का पता लगाने, विदेशी हैंडलर और स्थानीय सपोर्ट नेटवर्क की पहचान करने और साजिश से जुड़े सभी कनेक्शनों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है। पंजाब पुलिस पूरे राज्य में टेरर नेटवर्क को खत्म करने, संगठित अपराध को रोकने और शांति, सुरक्षा व जन-सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

4 अगस्त को भी पंजाब पुलिस की ओर से आईएसआई-समर्थित दो आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया गया था, जिसमें नौ को गिरफ्तार किया गया था। पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया था कि अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने आईएसआई समर्थित सीमापार के दो आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है।

डीजीपी ने बताया था कि पुलिस ने नौ लोगों को पकड़ा है, जिनमें चार नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस ने तीन अवैध पिस्तौल, नौ कारतूस और चार पेट्रोल बम बरामद किए थे ।

–आईएएनएस

एसडी/वीसी

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading