August 2, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

जमशेदपुर में भाजपा का डीसी कार्यालय पर आक्रोश प्रदर्शन, भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली की निष्पक्ष जांच की मांग

जमशेदपुर में भाजपा का डीसी कार्यालय पर आक्रोश प्रदर्शन, भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली की निष्पक्ष जांच की मांग

जमशेदपुर: झारखंड की विभिन्न सरकारी भर्ती परीक्षाओं में कथित भ्रष्टाचार, धांधली और अनियमितताओं के विरोध में शनिवार को भाजपा जमशेदपुर महानगर के नेतृत्व में जिला उपायुक्त कार्यालय के समक्ष जोरदार आक्रोश प्रदर्शन किया गया।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाजपा नेता, कार्यकर्ता और प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थी शामिल हुए। सभी ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाने और कथित गड़बड़ियों की उच्चस्तरीय जांच की मांग उठाई।

प्रदर्शन की शुरुआत साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय से हुई। यहां से पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकालते हुए जिला उपायुक्त कार्यालय तक रैली निकाली।

जिला समाहरणालय पहुंचने पर प्रदर्शनकारियों ने जेपीएससी, जेएसएससी, सीजीएल, जूनियर इंजीनियर, उत्पाद सिपाही सहित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ता डीसी कार्यालय के मुख्य द्वार पर भी चढ़ गए, जिससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।

संभावित स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पहले से ही सतर्क रहा। डीसी कार्यालय परिसर और आसपास के इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिससे पूरे प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रही।

प्रदर्शन के बाद भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सभी विवादित भर्ती परीक्षाओं की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा योग्य अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने की मांग की गई।

प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष आभा महतो ने कहा कि राज्य के लाखों युवा वर्षों की मेहनत और तैयारी के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होते हैं। यदि भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर ही सवाल उठने लगें तो युवाओं का भरोसा पूरी व्यवस्था से उठ जाता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाने में विफल रही है, जिसका खामियाजा बेरोजगार युवाओं को भुगतना पड़ रहा है।

भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग भी की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो भाजपा पूरे राज्य में अपने आंदोलन को और व्यापक रूप देगी।

आक्रोश प्रदर्शन में विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, जिला महामंत्री बबुआ सिंह, पूर्व सांसद आभा महतो सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading