गम्हरिया/आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले की आदित्यपुर थाना पुलिस ने करीब पांच वर्ष पुराने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित (अबेटमेंट टू सुसाइड) के चर्चित मामले में फरार चल रहे आरोपी गुड्डू कुमार उर्फ गुड्डू सिंह (40) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2021 में दर्ज कांड संख्या 280/2021 के गैर-प्राथमिकी अभियुक्त गुड्डू सिंह को तकनीकी सेल की सहायता से जमालपुर स्थित सतवाहिनी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने बताया कि मामले के अन्य आरोपियों की तलाश अभी भी जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
जमीन विवाद से जुड़ा था मामला
पुलिस के मुताबिक, 13 अगस्त 2021 को गम्हरिया के मोतीनगर निवासी केवी राव ने आदित्यपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आरोप लगाया था कि उनके पुत्र के. सोमनाथ राव को प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए मजबूर किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के हस्तलिखित सुसाइड नोट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों की समीक्षा की। जांच में मामला भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 306/34 के तहत सत्य पाया गया। पुलिस के अनुसार, पूरा विवाद जमीन से संबंधित था। सुसाइड नोट में मृतक ने आरोपियों पर मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया था, जिसके चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।
