August 30, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
झारखंड

देवघर में राजकीय श्रावणी मेला 2026 का समापन, 60 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक

देवघर में राजकीय श्रावणी मेला 2026 का समापन, 60 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक

देवघर: बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर में एक महीने से चल रहा राजकीय श्रावणी मेला 2026 शुक्रवार को संपन्न हो गया। सावन के दौरान देशभर से 60 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबाधाम पहुंचे और बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक किया। मेले के अंतिम दिन भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही और 96,648 भक्तों ने बाबा पर जल अर्पित किया।

मेले के 30वें और अंतिम दिन अहले सुबह 4:28 बजे बाबा बैद्यनाथ मंदिर के पट खोले गए, जिसके बाद श्रद्धालुओं के लिए जलार्पण शुरू हुआ। अंतिम दिन कुल 96,648 श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक किया।

आंकड़ों के अनुसार, शीघ्र दर्शनम कूपन के माध्यम से 1,584 श्रद्धालुओं ने जलार्पण किया। वहीं, बाह्य अर्घा से 2,189 और आंतरिक अर्घा से 92,875 श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ को जल अर्पित किया।

विशेष पूजा के साथ हुआ मेले का समापन

राजकीय श्रावणी मेला के सफल समापन के अवसर पर जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों ने बाबा बैद्यनाथ की विशेष पूजा-अर्चना की। उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया, पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना और अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार ने बाबा बैद्यनाथ की पूजा की। इसके बाद मंदिर से अर्घा हटाया गया।

अर्घा हटने के बाद अधिकारियों को पूरे विधि-विधान के साथ बाबा बैद्यनाथ की षोडशोपचार पूजा कराई गई। पूजा के बाद उपायुक्त ने श्रावणी मेला के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए बाबा बैद्यनाथ को नमन करते हुए आभार जताया। इसके बाद मां तारा मंदिर परिसर से श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण भी किया गया।

भादो मेला की तैयारियों पर मंथन

श्रावणी मेला के समापन के साथ ही जिला प्रशासन ने आगामी भादो मेला 2026 की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसे लेकर शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सरदार पंडा, पंडा धर्मरक्षिणी सभा के अध्यक्ष, महामंत्री एवं सदस्यों के साथ विभिन्न विभागों और तीर्थपुरोहितों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर चर्चा हुई।

भादो मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के साथ विधि-व्यवस्था, साफ-सफाई, स्वास्थ्य सेवाएं, बिजली और पानी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर आवश्यक तैयारियों पर विचार-विमर्श किया गया।

प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना

बैठक के दौरान राजकीय श्रावणी मेला से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा भी की गई। पंडा धर्मरक्षिणी सभा के पदाधिकारियों और तीर्थपुरोहित समाज के प्रबुद्ध लोगों ने मेले के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित संचालन के लिए देवघर जिला प्रशासन की पूरी टीम के प्रति आभार जताया।

सभा के पदाधिकारियों ने कहा कि इस वर्ष प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम जलार्पण के लिए बेहतर इंतजाम किए गए। रूटलाइन में बिजली-पानी की व्यवस्था, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया, जिससे श्रद्धालुओं को काफी सहूलियत मिली।

न्यूज़लेटर

हर सुबह की बड़ी खबरें, सीधे आपके इनबॉक्स में

टाउन पोस्ट का न्यूज़लेटर सब्सक्राइब करें — कोई स्पैम नहीं, बस ज़रूरी खबरें।

हम आपकी जानकारी को सुरक्षित रखते हैं। कभी भी अनसब्सक्राइब करें।

धन्यवाद! कृपया सब्सक्रिप्शन की पुष्टि के लिए अपना ईमेल जांचें।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading