August 13, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

जमशेदपुर में 15-16 अगस्त को JOGS का 53वां वार्षिक सम्मेलन, प्रसूति आपातकाल और क्रिटिकल केयर पर होगी चर्चा

जमशेदपुर में 15-16 अगस्त को JOGS का 53वां वार्षिक सम्मेलन, प्रसूति आपातकाल और क्रिटिकल केयर पर होगी चर्चा

जमशेदपुर। जमशेदपुर ऑब्स्टेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजिकल सोसाइटी (JOGS) की ओर से 15 और 16 अगस्त 2026 को शहर के होटल रामाडा में 53वें वार्षिक सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष सम्मेलन की थीम “Beyond the Edge: Obstetric Emergencies & Critical Care” रखी गई है।

सम्मेलन में प्रसूति संबंधी आपात स्थितियों, गंभीर मरीजों की देखभाल और ऐसे मामलों में त्वरित चिकित्सा प्रबंधन को लेकर देश-प्रदेश के विशेषज्ञ चिकित्सक विचार-विमर्श करेंगे।

सम्मेलन के पहले दिन 15 अगस्त को दोपहर 3 बजे से रात 8 बजे तक प्रसूति आपातकाल पर इंटरैक्टिव वर्कशॉप आयोजित होगी। इसमें चिकित्सकों को आपात परिस्थितियों में प्रभावी तरीके से उपचार करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

वर्कशॉप में मातृ हृदयाघात की स्थिति में सीपीआर, अत्यधिक प्रसवोत्तर रक्तस्राव (PPH) के सर्जिकल प्रबंधन, शोल्डर डिस्टोसिया, एयरवे मैनेजमेंट और ऑक्सीजन थेरेपी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग दी जाएगी।

वर्कशॉप के बाद “Near Miss in Obstetrics” विषय पर पैनल चर्चा होगी। इसमें प्रसव के दौरान गंभीर स्थिति में पहुंचने वाली महिलाओं के मामलों, उनके उपचार और प्रबंधन के साथ भविष्य में ऐसी आपात परिस्थितियों से बेहतर तरीके से निपटने की रणनीति पर विशेषज्ञ अपने अनुभव साझा करेंगे।

सम्मेलन के दूसरे दिन 16 अगस्त को सुबह 11 बजे उद्घाटन समारोह होगा। इसमें FOGSI के अध्यक्ष डॉ. भास्कर पाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं डॉ. पी. सी. महापात्रा विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे।

सम्मेलन में डॉ. साधना गुप्ता, डॉ. भाग्यलक्ष्मी नायक, डॉ. सुजीत बेहरा और डॉ. आशीष मुखोपाध्याय सहित विभिन्न क्षेत्रों के वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ तथा विशेषज्ञ फैकल्टी हिस्सा लेंगे।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रसूति आपातकाल के दौरान मरीजों को समय पर और बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए चिकित्सकों के ज्ञान और व्यावहारिक कौशल को मजबूत करना है।

JOGS की अध्यक्ष डॉ. मौसुमी दास घोष और सचिव डॉ. अर्चना बारिक ने मीडिया प्रतिनिधियों से सम्मेलन को कवर करने के साथ विशेषज्ञ चिकित्सकों से संवाद करने का आग्रह किया है। सम्मेलन में क्षेत्र के चिकित्सकों के अलावा संबंधित चिकित्सा क्षेत्रों के विशेषज्ञ और प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading