बारीगोड़ा और गोविंदपुर में भी 100 से ज्यादा मकान और दुकान तोड़ने की तैयारी
जमशेदपुर: भुइयांडीह स्थित इंद्रानगर और कल्याणनगर बस्ती के निवासियों में संभावित अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्ष 2023 में शहर की 86 बस्तियों में हुए सर्वे के दौरान उनके इलाके के 145 मकानों को सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के रूप में चिह्नित किया गया था। इसके बाद संबंधित परिवारों को नोटिस भी जारी किए गए थे।
बस्तीवासियों का आरोप है कि अब इन मकानों पर बुलडोजर चलाने की तैयारी की जा रही है। उनका दावा है कि 6 अगस्त को दंडाधिकारी की नियुक्ति कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की योजना बनाई गई है। हालांकि, प्रशासन की ओर से अब तक इस संबंध में कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं की गई है।
संभावित कार्रवाई के विरोध में इंद्रानगर और कल्याणनगर के दर्जनों निवासी एग्रिको स्थित विधायक पूर्णिमा साहू के कार्यालय पहुंचे। उन्होंने विधायक को ज्ञापन सौंपते हुए वर्षों से बसे परिवारों को बेदखल नहीं करने की मांग की।
बस्तीवासियों ने कहा कि किसी भी कार्रवाई से पहले पूरे मामले की निष्पक्ष समीक्षा की जाए और जब तक स्थिति स्पष्ट न हो, तब तक प्रस्तावित अभियान पर रोक लगाई जाए। साथ ही, प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और राहत सुनिश्चित करने की भी मांग की गई।
मालूम हो कि सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में वर्षों से सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने का आदेश जारी कर दिया गया है। वार्ड संख्या 7, खतियान संख्या 245 के विभिन्न प्लॉटों पर अवैध रूप से बसे अतिक्रमणकारियों को हटाने का आदेश जारी कर दिया गया है।
जिन प्रमुख लोगों को चिह्नित किया गया है उनमें: अजीत सिंह, मिथिलेश कुमार, भोला शंकर गुप्ता, रवि भुइयां, उमेश कालिंदी, सुकत भुइयां, पिंटू शर्मा, अरुण पांडेय, पूनम कुमारी एवं राजू मंडल आदि शामिल हैं।
दूसरी ओर शहर के बारीगोड़ा और गोविंदपुर में भी 100 से ज्यादा मकान और दुकान तोड़ने की तैयारी चल रही है। रेलवे ने आरओबी बनाने के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। अतिक्रमण हटाओ अभियान की सुगबुगाहाट लगते ही संबंधित इलाके में लोग गोलबंद होने लगे हैं। अतिक्रमित जमीन पर बसे लोग जनप्रतितिधियों की देहरी पर गुहार लगा रहे हैँ।