August 30, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

मुसाबनी-डुमरिया दौरे पर उपायुक्त, योजनाओं की जमीनी हकीकत परखी; आम बागवानी लाभुक से किया संवाद

मुसाबनी-डुमरिया दौरे पर उपायुक्त, योजनाओं की जमीनी हकीकत परखी; आम बागवानी लाभुक से किया संवाद

जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन ने मुसाबनी और डुमरिया प्रखंडों का दौरा कर विकास योजनाओं, प्रशासनिक कार्यों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आम बागवानी योजना के लाभुक से संवाद कर योजना के प्रभाव की जानकारी ली तथा अधिकारियों को योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

जिले में संचालित विकास योजनाओं की जमीनी स्थिति का आकलन करने के उद्देश्य से उपायुक्त राजीव रंजन ने गुरुवार को मुसाबनी एवं डुमरिया प्रखंड का व्यापक निरीक्षण किया। दौरे के दौरान उन्होंने प्रखंड कार्यालयों में प्रशासनिक कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति की जांच की।

मुसाबनी प्रखंड कार्यालय पहुंचकर उपायुक्त ने उपस्थिति पंजी, आगत-निर्गत पंजी, योजनाओं से संबंधित अभिलेखों और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यालयी कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही आम जनता से जुड़े मामलों के त्वरित समाधान पर विशेष ध्यान देने को कहा।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने 15वें वित्त आयोग की योजनाओं, मनरेगा के तहत चल रहे कार्यों, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा अन्य विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की।

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए तथा पात्र लाभुकों तक योजनाओं का पूरा लाभ पहुंचे।

मुसाबनी भ्रमण के क्रम में आम बागवानी योजना के एक लाभुक से मुलाकात कर योजना के वास्तविक प्रभाव की जानकारी ली। उन्होंने लाभुक से पौधों की स्थिति, रखरखाव, उत्पादन की संभावनाओं और आय में हो रही वृद्धि के बारे में चर्चा की।

कहा कि बागवानी आधारित योजनाएं ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आय सृजन का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लाभुकों को समय-समय पर तकनीकी सहायता और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इसके बाद उपायुक्त डुमरिया प्रखंड पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न विभागों के कार्यों एवं योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को अभिलेखों का नियमित अद्यतन करने, योजनाओं की सतत मॉनिटरिंग करने तथा प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।

डुमरिया दौरे के दौरान उपायुक्त ने नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने भवन में उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं, चिकित्सा सेवाओं की तैयारियों और संसाधनों की स्थिति का जायजा लिया।

संबंधित अधिकारियों को शेष कार्यों को शीघ्र पूरा कर नए भवन में स्वास्थ्य सेवाओं की जल्द शुरुआत सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि नए सीएचसी भवन के संचालन से क्षेत्र के लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार का लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक सभी तैयारियां समय पर पूरी करने पर जोर दिया।

न्यूज़लेटर

हर सुबह की बड़ी खबरें, सीधे आपके इनबॉक्स में

टाउन पोस्ट का न्यूज़लेटर सब्सक्राइब करें — कोई स्पैम नहीं, बस ज़रूरी खबरें।

हम आपकी जानकारी को सुरक्षित रखते हैं। कभी भी अनसब्सक्राइब करें।

धन्यवाद! कृपया सब्सक्रिप्शन की पुष्टि के लिए अपना ईमेल जांचें।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading