जमशेदपुर। करीब 14 दिनों से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता रहे उद्यमी सह एशिया उपाध्यक्ष देवांग गांधी के पुत्र कैरव गांधी की मंगलवार तड़के सुरक्षित बरामदगी के बाद शहर में राहत और सुकून का माहौल है।
मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे देवांग गांधी अपने पुत्र कैरव गांधी के साथ आवास की बालकनी में आए और हाथ जोड़कर शहरवासियों, मीडिया कर्मियों तथा पुलिस प्रशासन का धन्यवाद किया।
इस अवसर पर देवांग गांधी ने कहा कि बीते 14 दिन उनके परिवार के लिए अत्यंत पीड़ादायक और कठिन रहे। उन्होंने बताया कि इस संकट की घड़ी में जमशेदपुरवासियों की प्रार्थनाएं, समर्थन और एकजुटता ही परिवार की सबसे बड़ी ताकत बनी। उन्होंने मामले में लगातार सक्रिय रहने के लिए मीडिया और पुलिस प्रशासन के प्रति भी आभार व्यक्त किया।
वहीं, कैरव गांधी ने भी संक्षिप्त रूप से हाथ जोड़कर सभी के सहयोग के लिए धन्यवाद दिया, लेकिन उन्होंने अपनी आपबीती या वापसी से जुड़ी किसी भी प्रकार की जानकारी साझा नहीं की।
