जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम के समाहरणालय सभागार में जल जीवन मिशन एवं स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) से संबंधित समीक्षा बैठक उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में संपन्न हुई । बैठक में ओडीएफ प्लस गांव, 5 स्टार मॉडल गांव, गोबर गैस प्लांट, प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट, कचड़ा उठाव वाहन, हर घर नल जल योजना तथा विभिन्न जलापूर्ति योजनाओं में कार्य प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई ।
पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, आदित्यपुर अंतर्गत विशेषकर बोड़ाम, पटमदा बहु ग्रामीण जलापूर्ति योजना जो विद्युत समस्या के कारण शुरू नहीं हो पाया है, शीघ्र ट्रांस्फॉर्मर लगाते हुए एक महीने के भीतर क्रियाशील करने का निर्देश दिया गया । एकल ग्रामीण जलापूर्ति योजना के तहत पोटका के पांच स्रोत सूखा होने के कारण 392 घरों में जलापूर्ति शुरू नहीं हो पाया है, इस मामले में पुन: डीप बोरिंग कर 30 सितंबर तक जलापूर्ति शरू कराने का निर्देश दिया गया। बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी में पाइपलाइन बिछाने से संबंधित लंबित कार्य को 20 सितंबर तक पूर्ण करने की बात कही गई।
पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, जमशेदपुर अंतर्गत हुरलुंग एवं नूतनगढ़ जलापूर्ति योजनाओं में फंक्शनल हाउसहोल्ड टैप कनेक्शन का कार्य पूर्ण करने के लिए एक माह का समय दिया गया ।
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की समीक्षा में जिन लाभुकों ने शौचालय का निर्माण पूर्ण कर लिया है उन्हें राशि उपलब्ध होते ही भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। आकांक्षी प्रखंड मुसाबनी अंतर्गत ठोस कचड़ा प्रबंधन का कार्य पूर्ण करते हुए 30 सितंबर तक ओडीएफ प्लस घोषित करने का निदेश दिया गया। सी.पी.ग्राम एवं झारजल पोर्टल में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निष्पादन हेतु पदाधिकारियों को निदेशित किया गया ।
बैठक में कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल जमशेदपुर श्री सुनील कुमार, आदित्यपुर प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता श्री सुमित कुमार, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, जिला समन्वयक एवं प्रखंड समन्वयक तथा अन्य उपस्थित रहे।

